फोटो-3- राजीव कुमार की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
भरावन (हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया के मजरा कठौनी निवासी शिक्षामित्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घर में कोठरी में सोमवार सुबह उसका शव रस्सी से फांसी पर लटकता मिला। परिजनों ने 69 हजार शिक्षक भर्ती में चयन न होने के तनाव में खुदकुशी किए जाने की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कठौनी निवासी राजीव कुमार (47) पुत्र हीरालाल प्राथमिक विद्यालय कौड़िया द्वितीय में शिक्षामित्र था। रविवार रात गांव में ही उसके परिचित घुन्ना की पुत्री की शादी थी। रात 12 बजे शादी से वापस घर आकर वह कोठरी में चला गया। सोमवार सुबह काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो बड़ा पुत्र विवेक उसे बुलाने गया। दरवाजा खोलते ही राजीव का शव फांसी पर लटकता दिखा तो उसने शोर मचाया। प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि मृतक के भाई रामचंद्र ने 69 हजार शिक्षक भर्ती में सफलता न मिलने के कारण तनाव में आकर खुदकुशी किए जाने की लिखित सूचना दी है। राजीव 12 अप्रैल 2004 को शिक्षामित्र बना था। 4 अगस्त 2014 को उसका समायोजन सहायक अध्यापक पद पर हो गया था। 25 जुलाई 2017 को समायोजन न्यायालय के आदेश पर निरस्त हो गया था। इसके बाद से राजीव तनाव में रहता था। राजीव कुमार ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) भी 2014 में उत्तीर्ण की थी। मृतक के परिवार में पत्नी सीता देवी, पुत्री संगीता और निशा व पुत्र विवेक और उमेश हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फोटो-4- घटनास्थल पर मृतक के परिजनों से जानकारी लेती पुलिस। संवाद- फोटो : HARDOI