पत्रकार वार्ता करते व्यापारी नेता।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। व्यापारिक हिताें को लेकर केंद्र सरकार ही नहीं बल्कि प्रदेश सरकार भी किए गए वादों को भूल चुकी है। इसके चलते यदि जरूरत पड़ी तो उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी विधानसभा चुनाव 2017 में अपने प्रत्याशी उतारेगा।
एक जनपदीय भ्रमण कार्यक्रम में जिले में पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञान चंद्र वार्ष्णेय ने पत्रकारों से कहा कि आज पूरे प्रदेश में इंस्पेक्टर राज कायम है। हर व्यापारी परेशान है। सरकारी मशीनरी के पास कोई गाइड लाइन नहीं है। व्यापार मंडल मांग करता है कि हर जिले में व्यापारियों के लिए एक लैब निर्मित हो ताकि वहां पर व्यापारी भी अपने उत्पाद की चेकिंग करवा सके जिससे अपना शोषण वह समय रहते बचा सके। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती अब मुद्दा बन चुकी है।
आम जनमानस के साथ व्यापारी वर्ग परेशान है। इसको लेकर व्यापार मंडल जल्द प्रदर्शन करेगा। उन्हाेंने शासन स्तर से फोरम में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को भी शामिल करवाए जाने की सिफारिश की। प्रदेश उपाध्यक्ष ने 29 जुलाई को व्यापारी दिवस पर लखनऊ में एकत्र होकर सरकार को व्यापारियों की ताकत दिखाए जाने की भी बात कही। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विमलेश दीक्षित, युवा जिलाध्यक्ष विभु गुप्ता, अजय टंडन, योगेंद्र मिगलानी, कंचन मिश्रा, कैलाश, राजन, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।