हरदोई। भाजपा के जन चौपाल अभियान की तेजी ने जिले में विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट को और तेज कर दिया है। बुधवार को भरखनी और संडीला क्षेत्रों में चौपाल लगाकर और पंपलेट बांटकर भाजपाइयों ने केंद्रीय योजनाओं का प्रचार किया।
विकास खंड भरखनी में पूर्व सांसद प्रतिनिधि केबी सिंह व पूर्व जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह की अगुवाई में सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के भरखनी विकास खंड की ग्राम पंचायत रमापुर, अनंगपुर, दलेलपुर, सहजनपुर, बसलिया, पाली व विकास खंड सांडी के ग्राम बमटापुर, हरपालपुर के ग्राम पलिया, मलौथा व खिलौली आदि गांवों में चौपाल लगाई।
लोगों की समस्याएं पूछी और उनका निस्तारण कराने की बात कही। केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार भी किया। इस मौके पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष संदीप सिंह, मुन्नू लाल पांडे, अवधेश सिंह, महावीर, गंगाराम, राम सिंह, महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
संडीला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता राजकुमार शुक्ला की अगुवाई में टिकला कला, फत्तेपुर, हाजीपुर, अटवा मंडौली, भरेगा, महिगवां आदि गांवों में जाकर अटल पेंशन योजना, सुकन्या योजना, जीवन बीमा, मुद्रा योजना, उज्ज्वला योजना की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव प्रदेश सरकार की कलई खोल कर रख देगा।
हर वर्ग परेशान है और अब भाजपा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। इस दौरान ग्रामीणों में पंपलेट भी बांटे। इस मौके पर जितेंद्र शुक्ला, भोला शुक्ला, कपिल, अजय सिंह, राधेश्याम, अशोक आदि मौजूद रहे।