हरदोई। विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की आराधना का पर्व श्रीगणेश महोत्सव आज से शुरू हो जाएगा। शहर और नगरों में गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जगह-जगह पंडाल सजकर तैयार हैं। शोभायात्रा के साथ भगवान श्रीगणेश की मूर्तियों की स्थापना आज की जाएगी। वंशीनगर, अग्रवाल धर्मशाला और त्रिलोकीनाथ कंपाउंड में आदमकद भगवान श्रीगणेश की मूर्तियां स्थापित होंगी।
गणेश चतुर्थी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मूर्ति स्थापना के बाद रोजाना पूजा-अर्चना और आरती के आयोजन होंगे। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महोत्सव की शुरुआत भगवान श्रीगणेश की मूर्ति स्थापना के साथ होगी। इसके लिए शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के बीच मूर्ति को आयोजन स्थल तक लेकर आएंगे। गजानन सेवा समिति की तरफ से वंशीनगर, विनायक सेवा समिति की तरफ से अग्रवाल धर्मशाला और श्री सिद्धिविनायक मराठा मंडल एवं सर्राफा कमेटी की तरफ से त्रिलोकी नाथ कंपाउंड में आयोजन होंगे।