हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) ग्रामीण में गड़बड़ी के साथ ही सामुदायिक शौचालय निर्माण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत बलेहरा की प्रधान और पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों से साक्ष्य सहित 21 दिन में जवाब मांगे हैं। संतोषजनक जवाब न होने पर विधिक कार्रवाई की बात कही।
विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत बलेहरा में पीएमएवाई के पात्र लाभार्थी का अपात्र बताकर बीडीओ ने दूसरी किस्त पर रोक लगा दी थी। लाभार्थी ने बीडीओ पर परेशान करने का आरोप लगाया था। इस प्रकरण की जांच में लाभार्थी राजवती पत्री राजेश कुमार सिंह पात्र पाई गई। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक गजेंद्र कुुमार तिवारी ने जांच में पाया था कि सामुदायिक शौचालय एक साल बंद पड़ा था।
शौचालय में सोकपिट का निर्माण ही नहीं कराया गया है। सबमर्सिबल और हैंडपंप भी खराब मिले। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब किनारे लगा हैंडपंप भी खराब पड़ा हुआ है। आवास की लाभार्थी राजवती पत्नी राजेश कुमार सिंह, सुमन पत्नी रामप्रकाश, रामवेटी पत्नी रामेंद्र ने बताया कि प्रधान सीता देवी के प्रतिनिधि देवेंद्र उर्फ कल्लू ने आवास की पहली किस्त बैंक से निकालने पर 10-10 व 20 हजार रुपये लिए हैं।
डीपीआरओ ने बताया कि बावन बीडीओ के माध्यम से प्रधान सीता देवी और पंचायत सचिव अमरेश पांडेय को नोटिस प्राप्त कराए गए हैं।