हरदोई। भाई दूज पर रोडवेज की ओर से बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधा के लिए तमाम व्यवस्थाएं की गई थीं लेकिन भीड़ बढ़ने और मार्ग में देरी के चलते कुछ रूटों पर बसों की कमी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। खासकर लखीमपुर जाने वाले यात्रियों को बसों के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। वहीं कानपुर रूट पर भी बसें देरी से पहुंचीं। बस के पहुंचते ही सीट पाने के लिए यात्रियों में आपाधापी मची रही।
भाई दूज पर यात्रियों की बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए रोडवेज परिवहन निगम ने पहले से ही तैयारियां कर रखी थीं। हरदोई डिपो में वैसे तो 230 बसों का बेड़ा है और रोजाना करीब 195 बसों का संचालन भी होता है। त्योहार के लिए रोडवेज को दिल्ली रूट पर करीब 30 अतिरिक्त बसें भी मिली थीं, अन्य रूटों के लिए भी रिजर्व बसों से अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया गया था।
निगम अधिकारियों ने लखनऊ, कानपुर, शाहजहांपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद समेत अन्य रूटों पर अतिरिक्त फेरे लगाने के आदेश दिए थे। व्यवस्थाएं तमाम की गई थीं पर जब यात्रियों की संख्या बढ़ी तो दोपहर से लेकर देर शाम तक रोडवेज पर अव्यवस्थाओं का अंबार लग गया। लखीमपुर रूट पर कम बसों के चलते यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। कानपुर की बसें देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को सीट पाने के लिए भी परेशान होना पड़ा। इतना ही नहीं फर्रुखाबाद की बसों के लिए भी यात्री परेशान होकर भटकते नजर आए।
कड़ी मशक्कत से पहुंचे अब कर रहे इंतजार
लखीमपुर रूट जहानीखेड़ा निवासी अनिल गुप्ता ने बताया कि वह लखनऊ से आए थे, जैसे-तैसे ट्रेन से आ गए लेकिन जहानीखेड़ा के लिए बस का काफी देर से इंतजार कर रहे हैं। इसी प्रकार हरपालपुर के कटरी बिराइचमऊ निवासी महेंद्र ने बताया कि बस के लिए काफी देर से खड़े हैं। उनकी तरह कई और लोग भी हैं। बस न मिलने से परेशान होना पड़ा।
निजी बसों की रही बल्ले-बल्ले
सुबह से ही अपने गंतव्य तक आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी रही। रोडवेज स्टेशन पर समय से बसें नहीं आईं तो तमाम यात्री घर पहुंचने के लिए निजी बसों के सहारे रहे। रोडवेज स्टेशन के पास से ही निजी बसें सवारियां भरते हुए नजर आईं।
बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं, यात्रियों की भीड़ अधिक रही। इस वजह से कुछ समस्याएं आईं फिर भी किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। यात्रियों की सहूलियत के लिए दूसरे रूट की बसों को भी डायवर्ट किया गया। -भुवनेश्वर कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक
फोटो-08- रोडवेज बस में चढ़ने को लगी यात्रियों की भीड़। संवाद