सांडी। गन्ना तौल सेंटर सैदापुर पर लगातार हो रही घटतौली से नाराज किसानों ने गुरुवार को तौल बंद करा केंद्र पर ही विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। मिल के गन्ना विकास अधिकारी गोविंद शर्मा मौके पर पहुंच गए। मामले को तूल पकड़ता देख तौल लिपिक ने गलती मानते हुए कांटा दुरुस्त किया। इसके बाद केंद्र पर दोबारा तौल शुरू की जा सकी।
क्षेत्र के सैदापुर गांव में हरियावां चीनी मिल से संबद्ध गन्ना क्रय केंद्र संचालित है। किसानों का कहना है कि पिछले कई दिन से क्रय केंद्र पर कांटा सेट कर हर ट्राली से तीन से चार क्विंटल तक की घटतौली की जा रही है। विरोध करने के बाद भी तौल लिपिक द्वारा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया। गुरुवार को इससे नाराज किसान रिंकू यादव, मोहन बाबू, रामबाबू पाठक, रामप्रसाद, जगराम सिंह, अंबरीश, पंकज, उदय प्रताप, मुखराम सिंह व दीन दयाल ने तौल बंद करा केंद्र पर नारेबाजी करना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद किसान भी तौल में गड़बड़ी का आरोप लगा विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए।
इधर सूचना मिलने के बाद चीनी मिल के सीडीओ गोविंद शर्मा मौके पर पहुंच गए और किसानों को समझाया बुझाया। सीडीओ की मौजूदगी में तौल लिपिक अवधेश सिंह ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए किसानों के सामने ही कांटा दुरुस्त कराया। कांटा दुरुस्त होने के बाद केंद्र पर तौल शुरू कराई गई। सीडीओ गोविंद शर्मा ने बताया इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।