हरदोई में लॉकडाउन के दौरान व्यापारी कल्याण बोर्ड का पूरा प्रयास है कि पटरी दुकानदार से लेकर बड़े व्यापारी तक, किसी का शोषण न हो। शनिवार को डाक बंगले पर उद्योग व्यापार मंडल व भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ बैठक में व्यापारी कल्याण बोर्ड लखनऊ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि यदि पटरी दुकानदार रजिस्ट्रेशन कराता है तो उसको फेरी नीति के तहत 10 हजार का लोन भी दिया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विमलेश कुमार दीक्षित ने आठ सूत्री ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें लॉकडाउन में व्यापारियों का बिजली बिल माफ करने, बैंक लिमिट में ब्याज माफ करने, गृहकर जलकर माफ करने, खाद्य विभाग का लाइसेंस फर्म के नाम आजीवन करने की मांग की। इस मौके पर युवा जिलाध्यक्ष विभु गुप्ता, राजन द्विवेदी, अवनीश त्रिवेदी, भरत त्रिपाठी, आशीष प्रजापति, कपिल श्रीवास्तव, कंचन मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।