हरदोई। सोमवार को जिले में पर्यटन विकास के उद्देश्य से कराए गए काम और स्थलों के सौंदर्यीकरण में से 3.49 करोड़ से अधिक की लागत के सात कामों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण किया। 11.48 करोड़ की लागत के सात कामों का शिलान्यास किया।
लोकभवन में लखनऊ मंडल के जनपदों में कराए गए कामों के लोकार्पण और शिलान्यास में हरदोई में पर्यटन विकास के उद्देश्य से कराए गए ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के स्थलों के सौंदर्यीकरण में से भरावन के लालपुर में गोमती नदी तट पर सिद्ध बाबा मंदिर, सुरसा के हुसियापुर के शिव मंदिर, हरपालपुर के आस्तिक बाबा महाराज मंदिर, भरावन के जंगलीनाथ शिव बाबा मंदिर और हरदोई शहर में स्थिति विक्टोरिया मेमोरियल हाल (घंटाघर) में करीब 3,49,09,000 रुपये के कार्यों का लोकार्पण कर जनता को सौंपे।
जिला पर्यटन अधिकारी दीपांकर चौधरी ने बताया कि इसी के साथ 11,48,12,000 रुपये से कराए जाने वाले कामों में मल्लावां के प्रसिद्ध सुनासी नाथ मंदिर, संडीला के किन्हौटी के पचपकरिया माता मंदिर, शीतला माता मंदिर, पिहानी धामापुर के श्रीसंकट मोचन हनुमान, दुर्गा व कृष्ण मंदिर, भरखनी के अमिरता के रामताल व बाबा नीबकरौरी मंदिर, पिहानी के ऋषि मार्कंडेय तपोस्थली और सांडी के माता अंबिका देवी मंदिर के कामों का शिलान्यास किया गया है। विभागीय मंत्री जयवीर सिंह, प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम मौजूद रहे।