अतरौली। पुलिस टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार कर इनकी निशानदेही पर बृहस्पतिवार रात यूकेलिप्टस के जंगल में एक गड्ढे में छिपाकर रखी गईं सात बाइकें बरामद कीं। बाइकें जिले के अलग-अलग इलाकों से चोरी हुई थीं। गिरफ्तार किए गए दोनों शातिरों को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
जनपद में पिछले कुछ समय से दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी थीं। लगातार हुई घटनाओं पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सख्त नाराजगी जताते हुए वाहन चोरों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कराया था। इसी क्रम में संडीला सर्किल के अतरौली थाने की पुलिस को एसओजी और सर्विलांस की मदद से बड़ी कामयाबी मिली। सीओ संडीला संतोष सिंह ने बताया कि अतरौली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाइक चोरी करने में शामिल दो शातिर बाइक से जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने भटपुर के पास वाहनों की जांच का अभियान चलाया।
यहां पुलिस को देखकर बाइक मोड़ने पर पुलिस ने अतरौली थाना क्षेत्र के भेरका निवासी सर्वेश कुमार उर्फ भूपे सिंह और टड़ियावां थाना क्षेत्र के गुरसंडा निवासी सीपू को गिरफ्तार कर लिया। रात में ही इनसे पूछताछ हुई तो यूकेलिप्टस के जंगल में एक गड्ढे में छिपाकर रखी गईं सात बाइकें आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हो गईं। पूछताछ में पता चला कि यह बाइकें जिले में अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी हुई थीं। सीओ ने बताया कि न्यायालय ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पांच दिन में चोरी के 36 दोपहिया वाहन बरामद
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की नाराजगी और सख्ती का असर मातहतों पर साफ दिखाई दिया। वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक ने विभागीय मातहतों के साथ हुई बैठक में भी नाराजगी जताते हुए जल्द खुलासा न होने पर कार्रवाई कर देने का इशारा किया था। इसके बाद वाहन चोरों के खिलाफ अभियान शाहाबाद के साथ ही संडीला से भी शुरू किया गया। सात जून को शाहाबाद सर्किल के पचदेवरा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी की तीन बाइकें बरामद हुईं।
इसके बाद संडीला सर्किल में कासिमपुर थाना क्षेत्र में आठ जून को पुलिस ने तीन शातिरों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन स्कूटी और 22 मोटर साइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शाहाबाद सर्किल के पचदेवरा में फिर से बृहस्पतिवार को एक शख्स को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की गई। अब फिर से संडीला सर्किल के अतरौली थाने की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर चोरी की सात बाइकें बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए सर्वेश कुमार के खिलाफ अतरौली थाने में तीन और कछौना कोतवाली में एक मामला पहले से दर्ज है। सीपू के खिलाफ टड़ियावां थाने में एक मामला पहले से दर्ज है।
खुलासा करने वाली टीम में यह रहे शामिल
टीम में अतरौली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक रवि कुमार, बलवंत सिंह और ज्ञान सिंह के साथ ही एसओजी के उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सर्विलांस प्रभारी अब्दुल जब्बार, एसओजी के दीवान अनिल सिंह और आनंद विश्वकर्मा, सिपाही ब्रजनंदन, आदित्य प्रताप सिंह, सर्विलांस टीम के सिपाही ओमवीर, राज कुमार, नितिन और यादवेंद्र सिंह के साथ ही स्वाट टीम के मंजेश और त्रिवेश भी शामिल रहे।
गहरे गड्ढे में बाइक डालकर ऊपर बिछा देते थे यूकेलिप्टस की डालें
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी चोरी की बाइकों को बेचने की फिराक में थे। चोरी करने के बाद यह लोग बाइक यूकेलिप्टस के जंगल में खोदे गए गड्ढे में छिपा देते थे। गड्ढे के ऊपर यूकेलिप्टस की डालों को बिछा देते थे। इससे पता ही नहीं चलता था कि यहां गड्ढा है। इससे इतर कासिमपुर थाना क्षेत्र में पकड़े गए चोरों से भी दोनों आरोपियों के बारे में कुछ इनपुट मिला था। इसके बाद सर्विलांस और एसओजी के साथ ही मुखबिर भी सक्रिय किए गए और पुलिस को कामयाबी मिल गई।
इनकी बाइक हुई बरामद
.अतरौली थाना क्षेत्र के कठौनी निवासी अजय पाल की बाइक।
.अटसलिया निवासी डालचंद्र की बाइक।
.संडीला कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर निवासी सूरज की बाइक।
.कछौना कोतवाली क्षेत्र के सुठेना निवासी रामजीवन की बाइक।
.पतसेनी रेलवेगंज निवासी संजय की बाइक।
.बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अलौआरामपुर निवासी रोहित की बाइक।
.लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के करौंधी निवासी ज्ञान प्रताप की बाइक।
फोटो- बाइक चोर सर्वेश कुमार और सीपू। संवाद