- काम और भुगतान के अभिलेख तलब, - डीएम ने दो सदस्यीय जांच समिति बनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। गांवों में विकास कार्यों और भुगतान में गड़बड़ी थमने का नाम नहीं ले रही है। विकास खंड टड़ियावां की ग्राम पंचायत आदमपुर में वाटर कूलर, आरसीसी रोड और खेल मैदान विकसित कराए जाने के नाम पर करीब सात रुपये का भुगतान निकाला गया।
काम न कराए जाने से ग्रामीणों को सुविधा और सहूलित नहीं मिल पा रही है। काम और भुगतान से जुड़े अभिलेख तलब किए गए हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने जांच के लिए दो सदस्यीय समिति बनाई है।
विकास खंड टड़ियावां की ग्राम पंचायत आदमपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में वोटर कूलर लगवाए जाने के नाम पर जून 2021 में 3,04,500 रुपये, खेल मैदान में काम कराए जाने के नाम पर 2,97,727 रुपये का भुगतान किया गया है। ऐसे ही हरिपाल के मकान से खड़ंजा तक आरसीसी रोड बनवाए जाने के नाम पर 1,67,495 रुपये का भुगतान निकाला गया है।
मामले की पंचायतीराज अधिनियम में किसान शक्ति महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नीमडांडा गांव निवासी नीरज कुमार शुक्ला ने दर्ज कराई है। शिकायती पत्र में कहा हे कि पंचायत सचिव और प्रधान ने बिना काम कराए ही भुगतान निकाला है। सैनिक इंटरप्राइजेज फर्म को 2,00,000 रुपये का भुगतान किया गया है।
डीएम ने मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक और नलकूप खंड के सहायक अभियंता को जांच समिति में नामित किया है। टड़ियावां बीडीओ को आदेश दिए है कि काम से जुड़े अभिलेख पंचायत सचिव से लेकर जांच अधिकारी को प्राप्त कराएं। जांच अधिकारी से कहा है कि एक माह में अभिलेखों का परीक्षण और स्थलीय निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराएं।