हरदोई। गांवों में सेमी हाईमास्ट लाइटें लगवाई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को गलियों और गलियारों में प्रकाश व्यवस्था मिलेगी। जनप्रतिनिधियों की सूची पर सेमी हाईमास्ट लाइट लगवाए जाने के लिए स्थल चयनित किए गए हैं। 36 स्थानों पर लाइटों को लगवाए जाने के लिए 24 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
गांवों में ग्रामीणों की सुविधा और सहूलियत के लिए अन्य कामों के साथ ही जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर सेमी हाईमास्ट लाइटें भी लगवाई जा रही हैं। जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर लाइटों को लगवाए जाने के क्रम में जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की तरफ से सूची में शामिल स्थलों का सत्यापन कराया जाता है। सत्यापन में स्थल सही पाए जाने पर उन पर स्वीकृति दी जा रही है। हाल ही में जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर 36 स्थानों पर लाइटों को लगवाया जाएगा। लाइटों को लगवाए जाने की जिम्मेदारी कानपुर के उप्र लघु उद्योग निगम लि. को सौंपी गई है।
गांवों में सेमी हाईमास्ट लाइटों को लगवाए जाने के लिए 24,05,400 रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर स्वीकृति के साथ एजेंसी को काम कराने के लिए पहली किस्त के करीब 14 लाख रुपये दे दिए हैं। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्या ने बताया कि कार्यदायी एजेंसी ने काम कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है।