किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए एक कैंप लगवाने समेत
कई किसान हित की मांगों को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने
कलक्ट्रेट परिसर में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल को
संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर कार्रवाई कराने की मांग की।
कलक्ट्रेट
परिसर में प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रालोद जिला मुख्य महासचिव शिवसेवक
गुप्त ने कहा कि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए उन्हें लाभ देने के
लिए एक सार्वजनिक किसान कैंप लगाया जाए, जिसमें उन्हें नुकसान के लिए बिना
औपचारिकता के चिह्नित कर मुआवजे के लाभ के लिए निर्धारित किया जाए।
इन
कैंपों को जिला मुख्यालय से लेकर सभी तहसीलों व ब्लाक मुख्यालयों पर लगवाया
जाए। उन्होंने कहा कि जिले की चारो मिलों का बकाया धनराशि शीघ्र प्रदान
कराया जाए, जिससे गन्ना किसानों को समय से लाभ प्राप्त हो सके। इस दौरान
पदाधिकारियों ने नारेबाजी की तथा राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी
रमेश मिश्र को सौंपा।
दिए गए ज्ञापन में उक्त के अलावा जिला अस्पताल में
हृदय विशेषज्ञ, मानसिक रोग विशेषज्ञ डाक्टर की नियुक्ति कराए जाने, शहर में
नगर पालिका द्वारा ढककर ट्रालियों से कूड़ा उठाए जाने, शहर में एक प्रेस
क्लब स्थापित करने की भी मांग की गई। इस मौके पर देवेश सिंह, कमलेश कुमार,
ओम कुमार, रक्षापाल और दिनेश चंद्र त्यागी आदि
मौजूद थे।