हरदोई। तकनीक से जोड़कर शिक्षा को आसान और प्रभावी बनाने की कवायद में एक और नया प्रयोग किया जा रहा है। जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ब्लूटूथ स्पीकर लगाए जाएंगे।
इसके लिए लगभग 70 लाख रुपये के बजट की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक विद्यालय को ब्लूटूथ स्पीकर खरीदने केेे लिए दो हजार रुपये दिए जाएंगे। जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों को परंपरागत शिक्षा तकनीक के साथ ही आधुनिक शिक्षा तकनीकों से भी जोड़ा जा रहा है।
इसके लिए डिजिटल एजुकेशन टेक्नोलॉजी पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बेसिक शिक्षा विभाग के 3,446 विद्यालयों में दो ब्लूटूथ स्पीकर लगाने के लिए बजट जारी हो चुका है।
ब्लूटूथ इनबिल्ट स्पीकर की मदद से अंग्रेजी भाषा के अलावा दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध सामग्री को शिक्षक अपने मोबाइल या लैपटॉप को स्पीकर से कनेक्ट कर बच्चों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। ऑडियो छात्र-छात्राओं को सुनाएंगे।
नए सत्र में शुरू हो जाएगा उपयोग
अप्रैल से शुरू होने वाले नए शैक्षिक सत्र से छात्र-छात्राओं को पढ़ाने में इसका उपयोग किया जा सकेगा। ब्लूटूथ स्पीकर की खरीदारी विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से होगी।
इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को उपलब्ध धन के अनुपात में एक निश्चित धनराशि विभाग देगा। स्पीकर के माध्यम से अंग्रेजी भाषा शिक्षण के साथ ही अन्य विषय वस्तु को बच्चे आसानी से सुन और समझ सकेंगे।
ब्लूटूथ स्पीकर की खरीदने के लिए बजट आ चुका है। विद्यालय अपने स्तर से ब्लूटूथ स्पीकर क्रय करेंगे। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को 2,000 हजार रुपये दिए जाएंगे। ब्लूटूथ स्पीकर की गुणवत्ता की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंध समिति की होगी।
- राकेश कुमार शुक्ला, जिला समन्वयक प्रशिक्षण।