हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रही छात्रा की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। वह मां-बाप के साथ मामा की शादी में ननिहाल सेमरा आई थी। छात्रा बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के मछेउठी गांव की थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के मछेउठी निवासी रामरहीस की ससुराल सेमरा चौराहा निवासी कालीचरन के यहां है। गुरुवार को साले कमरपाल की बारात जानी थी। रामरहीस पत्नी व बेटी उजाला (8) के साथ बारात में आए थे। तब से वह परिवार के साथ ससुराल में ही थे।
शनिवार दोपहर उजाला सेमरा चौराहा दुकान से कुछ सामान खरीदने गई थी। दुकान से सामान खरीदकर सड़क पार करते समय बिलग्राम की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उजाला को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुकानदारों ने ट्रक को पकड़ लिया। चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया। हादसे की जानकारी पर पहुंचे परिजन उजाला को जिला अस्पताल ले आए। जहां पर डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को मुर्दाघर में रखवाया है। रामरहीस ने बताया कि बेटी एकलौती थी। वह गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। एसओ अरविंद राणा ने बताया कि मृतक के परिजनोें की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।