फोटो-42- ओदरा नेवलिया में ग्राम प्रधान को नसीहत देते डीएम पुलकित खरे। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। डीएम पुलकित खरे ने सोमवार को मिशन कायाकल्प के तहत गोद लिए सुरसा ब्लॉक में स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। यहां अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक विद्यालय ओदरा नेवलिया में शौचालय का दरवाजा टूटा और गंदगी मिलने पर नाराज डीएम ने ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस, ग्राम सचिव को निलंबित करने और एडीओ पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
मिशन कायाकल्प के तहत ग्रामीण इलाकों में स्थित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की दशा सुधारने की कवायद डीएम के नेतृत्व में चल रही है। सोमवार को डीएम सबसे पहले सुरसा के ओदरा नेवलिया स्थित अंग्रेजी माध्यम के परिषदीय विद्यालय पहुंचे। यहां शौचालय में पानी की कोई व्यवस्था नहीं मिली। स्कूल में किचन गार्डन भी स्थापित नहीं मिला। स्कूल के रास्ते पर इंटरलॉकिंग ब्रिक्स न लगी होने, वॉशबेसिन न होने पर डीएम ने ग्राम प्रधान को जमकर फटकार लगाई। विद्यालय के निर्माण कार्याें में हो रही लापरवाही पर ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस, एडीओ पंचायत का वेतन रोकने और सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए। विद्यालय में मिली खामियों को दूर कर परिसर में ही खेल मैदान विकसित करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय तुर्तीपुर का निरीक्षण भी किया। यहां मुख्य गेट से विद्यालय तक रैंप बनवाने के निर्देश प्रधान को दिए। तुर्तीपुर के ही प्राथमिक विद्यालय में बंद कुएं को साफ कराने और उस पर जाल डलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय रैंदापुर, प्राथमिक विद्यालय पट्टापुरवा और प्राथमिक विद्यालय बिराहिमपुर का भी निरीक्षण किया। तीन दिन में स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुरसा के बीडीओ रामप्रकाश, बीईओ भगवान राव, अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम मौजूद रहीं।