हरदोई में कोरोना संकट में उपजे मंदी के हालात को देखते हुए बच्चों की स्कूल फीस माफ की जाए। इसके साथ ही शिक्षकों, कर्मचारियों समेत वकीलों को आर्थिक मदद दी जाए। शुक्रवार को कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने शहर अध्यक्ष जमील अहमद की अगुवाई में इन मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम संजय कुमार सिंह को सौंपा।
शहर अध्यक्ष जमील अहमद ने कहा कि कोरोना संकट में बड़े पैमाने पर लोग बेरोजगार हो गए हैं। आर्थिक संकट को देखते हुए स्कूली बच्चों की चार माह की फीस माफ की जाए। स्कूलों के कोर्स व यूनिफार्म में बदलाव न किया जाए। कहा कि शिक्षकों को कम से कम आठ हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जाए।
इस दौरान न्यायालय बंद रहने से अधिवक्ताओं का भी काम प्रभावित हुआ है। इसलिए उन्हें भी 10 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से सहयोग राशि मानदेय के रूप में दी जाए। इस मौके पर कोषाध्यक्ष महताब अहमद, उपाध्यक्ष अनुपम दीक्षित, नेतम भारती, श्रीप्रकाश मिश्रा, साधू सिंह सोमवंशी, शशिबाला वर्मा व विपिन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।