हरदोई। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती का नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। बिजली विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र में छह घंटे की कटौती का शेड्यूल जारी कर तहसील से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग और नगर पंचायत के उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण क्षेत्र में कटौती का अलग शेड्यूल जारी किया है। कटौती का शेड्यूल 31 मई तक जारी रहेगा।
मध्यांचल से जारी रोस्टर में नगर पंचायत के उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह 9 से 11:30 बजे और दोपहर में 14:15 से 17:45 बजे तक काटी जाएगी। तहसील क्षेत्र से जुड़े उपकेंद्राें के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह 6:15 से 9:15 बजे तक और 11:15 से 14:15 बजे तक बिजली काटी जाएगी। बिजली विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे की विद्युत आपूर्ति का शेड्यूल दिया है, लेकिन लोकल फॉल्टों की वजह से गांवों में बमुश्किल 10 घंटे की बिजली आपूर्ति हो रही है। लोकल फॉल्टों की वजह से सुबह से शाम तक कई बार बिजली की आवाजाही बनी रहती है।
पारेषण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तहसील और नगर पंचायत स्तर पर साढ़े 21 घंटे की आपूर्ति और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे की आपूर्ति के निर्देश हैं, लेकिन कभी मौसम तो कभी लोकल फॉल्टों की वजह से कभी भी पूरी बिजली सप्लाई हो नहीं पाती। ऐसे में कंट्रेाल रूम में भी व्यवस्था बनाए रखने में दिक्कत हो जाती है। पारेषण एसडीओ ने बताया कि कटौती का शेड्यूल 31 मई तक के लिए जारी किया गया है।