भारतीय स्टेट बैंक की नगर स्थित शाखा में सर्वर खराब होने के कारण तीसरे दिन भी लेनदेन पूरी तरह से बंद रहा। बैंक का वैकल्पिक नेटवर्क सिस्टम पहले से ही खराब है। सेवाएं ठप होने से जमा व निकासी के लिए आने वाले ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ा।
सोमवार बैंक खुलते ही सर्वर ठप हो गया था। बीएसएनएल ब्राडबैंड में खराबी के बाद बैंक के पास अपने निजी नेटवर्क वी-सेट के जरिए काम जारी रखने का विकल्प था, लेकिन बताया गया कि वह भी खराब पड़ा है। सोमवार के बाद मंगलवार और बुधवार की दोपहर तक सेवाएं बहाल नहीं हो सकीं। व्यवस्था बेपटरी होने के कारण तीन दिन में करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित होने की बात कही जा रही है। शाखा प्रबंधक आरबी यादव ने बताया कि इंजीनियर्स की टीम को पहले दिन ही कॉल कर दिया गया था। बताया कि बुधवार को इंजीनियर्स की टीम शाखा पहुंच गई है और काम शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि शाम तक सर्वर काम करने लगेगा। बताया कि वी-सेट सिस्टम को बंदरों ने खराब कर दिया था।