पूर्व सांसद ऊषा वर्मा की पुत्री के शादी समारोह में सीएम के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने शुक्रवार को निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया।
सात दिसंबर को शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूर्व सांसद के गांव पेनी पुरवाजाएंगे। जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने सांसद के गांव पहुंच कर वहां पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बुलाकर सांसद के आवास के पास अनावश्यक पड़े सामान को हटाने के निर्देश दिए।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे ने पुलिस लाइन में हैलीपैड से लेकर सांसद के आवास तक जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएम के काफिले के दौरान रास्ते में पुलिस बल तैनाती और ट्रैफिक, पार्किंग आदि के विषय में जानकारी ली। इस दौरान एलआईयू प्रभारी हारून रशीद, देहात कोतवाली प्रभारी नरेश चंद्र जौहरी आदि मौजूद रहे।