शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदासी में विवाहिता की पंखे से करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की मां ने ससुरालियों पर मारपीट करने के बाद करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
भदासी निवासी अश्वनी कुमार का विवाह एक वर्ष पहले शाहजहांपुर जनपद के निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम ठेरत निवासी नरेश की पुत्री शिल्पी (19) के साथ हुआ था। अश्वनी ने बताया कि रविवार सुबह शिल्पी घर के आंगन में सफाई कर रही थी। इसी दौरान उसने आंगन में रखा पंखा हटाने की कोशिश की तो उसे करंट लग गया। इसमें वह झुलस गई। वह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची मृतका की मां निर्मला देवी ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने ही करंट लगाकर शिल्पी की हत्या की है। शाहाबाद कोतवाल महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की मां ने अभी तहरीर नहीं दी है।