हरदोई। इंडियन रोटी बैंक अब कुपोषण के खिलाफ जंग छेड़ रही है। इंडियन रोटी बैंक का सपना, कुपोषण मुक्त हो भारत अपना नारे के साथ 14 जनवरी से 16 प्रदेशों के 87 जिलों में अभियान चलाया जाएगा। इस दिन 112 यूनिटें कुपोषित बच्चों को प्रोटीन और विटामिन से युक्त लड्डू बांटेंगी।
इंडियन रोटी बैंक का सपना, कुपोषण मुक्त हो भारत अपना... का नारा लेकर यह अनोखी बैंक इस बार कुपोषण के खात्मे का उद्देश्य लेकर सभी के बीच आ रही है। रोटी बैंक की संजीवनी टीम के द्वारा इसकी देश के 16 प्रदेशों के 87 जिलों में एक साथ शुरुआत 14 जनवरी को होगी। इसको लेकर वृहद स्तर पर योजना तैयार की गई है। अभियान के दौरान कुपोषित बच्चों को 112 यूनिटों के द्वारा प्रोटीन व विटामिन से युक्त लड्डुओं का भी वितरण किया जाएगा।
इंडियन रोटी बैंक के साथ चार फ्रंटल संगठन संजीवनी, उड़ान एजुकेशन, वसुधैव कुटुंबकम और कल्चरर ग्रुप भी चल रहा है। इस बार चिकित्सकों के ग्रुप संजीवन टीम ने कुपोषण के खिलाफ जागरुकता अभियान चलाने की वृहद योजना बनाई है। इसके सूत्रधार जिले के विक्रम पांडे हैं, लेकिन अभियान में जान लखनऊ की चिकित्सक डॉ. प्रियंका मौर्या ने डाली है। सभी यूनिटों वाले जिलों से करीब दो-दो चिकित्सकों को शामिल कर पूरे अभियान की रूपरेखा तय की गई। अभियान का नाम टारगेट सुपोषण दिया गया है।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में संजीवनी टीम की नेशनल कोआर्डिनेटर डॉ. प्रियंका मौर्या ने बताया कि मकर संक्रांति पर इस अभियान की शुरुआत एक साथ देश की समस्त यूनिटों में होगी। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से अति कुपोषित बच्चों की सूची ली जा रही है। कुपोषित बच्चों को विटामिन, प्रोटीन से युक्त लड्डू तैयार बांटा जाएगा।
बताया कि प्रत्येक जिले में हमारे चिकित्सकों की टीम है। यह टीम अभिभावकों से मिलकर बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए टिप्स देगी। इसके बाद भी अभिभावकों को लगातार मुफ्त चिकित्सीय परामर्श व किटें दी जातीं रहेंगी इंडियन रोटी बैंक के संयोजक विक्रम पांडे ने बताया कि शुरुआती चरण में जिले के 1200 बच्चे लिए गए हैं।
ये बच्चे सुरसा सहित आसपास ब्लाकों के हैं। इन बच्चों को लड्डू और पोषाहार आदि वितरित किया जाएगा। डॉ. कमर हैदर, डॉ. अखिलेश पटेल व खुशबू फातिमा लगातार इन बच्चों के अभिभावकों के टच में रहेंगे। कुपोषण के खात्मे को वे अभिभावकों को चिकित्सीय परामर्श देते रहेंगे।
फोटो-21-इंडियन रोटी बैंक के फ्रंटल संगठन संजीवनी टीम की नेशनल कोआर्डिनेटर लखनऊ की डॉ. प्रियंका मौर?- फोटो : HARDOI
फोटो-22-इंडियन रोटी बैंक के संयोजक जिले के युवा विक्रम पांडे। संवाद- फोटो : HARDOI