इस तरह बनाया जा रहा सेनेटरी नैपकिन।
- फोटो : amar ujala
जिला पंचायतराज विभाग द्वारा संयुक्त समिति पंचायत उद्योग सुरसा कंहईपुरवा में संचालित होने वाले जनपद की पहली सेनेटरी नैपकिन उत्पादन केंद्र का डीएम पुलकित खरे ने उद्घाटन किया। डीएम ने कहा कि किशोरियों और महिलाओं की स्वच्छता व स्वास्थ्य के लिए नैपकिन आवश्यक है।
उन्होंने कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के साथ फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। नैपकिन इकाई में तैयार पैड चिकित्सालय, विद्यालय व कारागार में सप्लाई किए जाएंगे। साथ ही बिक्री के लिए पंचायत विभाग द्वारा बाजार तैयार किया जायेगा। उन्होंने इकाई में पैड बनाने की समस्त जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने भरखनी कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को पैड बनाने वाली मशीनों के बारे में भी बताया। डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इकाई में प्रत्येक दिन एक हजार नैपकिन बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इकाई के लिए सुरसा पंचायत उद्योग को 18 लाख 81 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके बाद डीएम ने मीरा टाकीज में फिल्म पैडमैन कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के साथ देखी।
सीडीओ आनंद कुमार, जिला बीएसए मसीहुज्जमा सिद्दीकी, केंद्र व्यवस्थापक उमेश कुमार पांडेय आदि मौैजूद रहे।