हरदोई/सांडी। सांडी नगर की जर्जर विद्युत लाइनें जल्द बदली जाएंगी। इस संदर्भ में विधायक की पहल पर विभाग द्वारा शासन को भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही जर्जर लाइनें बदलने के लिए 15 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है। इससे करीब 30 हजार लोगों को आए दिन होने वाली फाल्ट की समस्या से निजात मिलेगी। सोमवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता तकनीकी एसके भारती ने इसकी जानकारी पत्र जारी कर दी।
सांडी कस्बा स्थित उपकेंद्र से चार फीडर हरपालपुर, बघराई, भीखपुर व सांडी टाउन संचालित हैं। टाउन फीडर से पूरे नगर को आपूर्ति दी जाती है। वर्तमान में नगर में चार हजार से ज्यादा उपभोक्ता पंजीकृत हैं। नगर की आबादी लगभग 30 हजार है। यहां कई दशक पहले बिछाई गई 8 किलोमीटर लंबी एलटी (लो टेंशन) लाइन काफी जर्जर हो चुकी है। लाइन पुरानी और जर्जर होने के कारण आए दिन लोकल फाल्ट होतेे हैं। जिससे लोगों को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ता है।
इसकी शिकायत मिलने पर हाल ही में विधायक प्रभाष कुमार ने बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर लाइन बदलवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इस पर जेई वीरेंद्र रावत व अधिकारियों ने तीन माह पहले जर्जर एलटी लाइनों को बदलवाने का प्रस्ताव शासन भेजा था। शासन ने सोमवार को इसे स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता तकनीकी एसके भारती ने पत्र जारी कर इसके लिए 15 लाख रुपये का बजट जारी किए जाने की जानकारी दी। जेई वीरेंद्र रावत ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
विकास के प्रयास जारी
क्षेत्र के लोगों को सड़क, बिजली और पानी की उपलब्धता में कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। नगर क्षेत्र की पुरानी लाइनें बदले जाने पर लोगों को आए दिन होने वाली समस्याओं से निजात मिलेगी। विकास को लेकर किए जा रहे प्रयास जारी रहेंगे।
- प्रभाष कुमार, विधायक, सांडी
जल्द शुरू होगा काम
जिले में उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। जर्जर लाइनें बदलने का प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर इस पर जल्द काम शुरू कराया जाएगा। इसके साथ ही लाइन लॉस में कमी लाकर उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। - एनके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग, हरदोई