हरदोई। दो राष्ट्रीय राजमार्गाें समेत तीन मार्गाें को जोड़ने वाले सांडी-बघौली रोड के निर्माण का प्रस्ताव शासन ने मंजूर कर लिया है। 18.450 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण 40.86 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। निर्माण कार्य कराने के लिए 8.17 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
सांडी से बघौली को जोड़ने वाली सड़क अभी तीन मीटर चौड़ी है। पिछले कुछ वर्ष में इस सड़क पर यातायात तेजी से बढ़ा है। पहले से बनी सड़क की दशा भी खराब है। इस मार्ग को चौड़ा कराने के लिए सांडी के विधायक प्रभाष कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़क की उपयोगिता और इसके निर्माण पर होने वाले खर्च के लिए आगणन तैयार कराया गया था। शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूर कर दिया है। 40.86 करोड़ रुपये खर्च कर सड़क को चौड़ा करते हुए नए सिरे से बनाया जाएगा। सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर सवा पांच मीटर की जाएगी। इससे यहां के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के नोडल अधिकारी राज कुमार मौर्य ने बताया कि मार्ग निर्माण का प्रस्ताव मंजूर हो गया है। पहली किस्त के रूप में 8.17 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए हैं।
इसलिए महत्वपूर्ण है सांडी बघौली मार्ग
सांडी बघौली मार्ग दो राष्ट्रीय राजमार्गाें समेत तीन मार्गाें को जोड़ता है। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग और बिलरायां पनवारी राष्ट्रीय राजमार्ग को उक्त सड़क जोड़ती है। साथ ही हरदोई-सांडी मार्ग को भी जोड़ती है। आसपास के लगभग 30 गांवों के 30 हजार लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं। हर दिन यहां से 3,490 लोगों का आवागमन औसतन होता है।
क्षेत्रीय लोगों की अपेक्षा के मुताबिक सांडी बघौली मार्ग को चौड़ा कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी से अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने मार्ग निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकार कर स्थानीय लोगों की बड़ी मांग को पूरा किया है। मुख्यमंत्री का आभार जताता हूं। -प्रभाष कुमार, विधायक, सांडी
फोटो-3-प्रभाष कुमार। सोशल मीडिया