जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर गुर सरन गौर
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। प्रत्येक साल एकत्र होने वाली झंडा दिवस की राशि पर कई सरकारी विभाग कुंडली मारे बैठे हैं। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी की ओर से जल्द ही 1310 लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ष सात दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है।
इस दिन प्रतीक झंडों की बिक्री करके शहीद सैनिकों एवं अन्य सैन्य परिवारों के सहायतार्थ जन सामान्य में प्रतीक झंडों की बिक्री करने के बाद धन संग्रह किया जाता है। इसको लेकर सैनिक कल्याण पुनर्वास कार्यालय की ओर से विभागों को झंडों का वितरण किया जाता है जिसके सापेक्ष जो राशि आती है उसको जमा करने के बाद पुनर्वास कार्यालय के हेड क्वार्टर भेज दिया जाता है। वहां से सेना के जवानों व भूतपूर्व सैनिकों के सहायतार्थ राशि भेजी जाती है। अधिकतर सरकारी विभागों, स्कूलों, बैंकों व संस्थानों ने झंडा दिवस की राशि जमा नहीं की है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी गुर सरन गौर ने बताया कि यदि यह सारे विभाग झंडा दिवस की राशि जमा कर दें तो जिले से सैनिकों के हितार्थ संतोषजनक सहायता भेजी जा सकती है। डीएम के अनुमोदन के बाद जल्द ही कई विभागों, शिक्षण संस्थाओं व बैंकों आदि को रिमाइंडर भेजे जाएंगे। राशि का आकलन भी किया जा रहा है। इस ओर लगभग 1310 नोटिस भेजे जाएंगे। इसके बाद भी राशि न जमा हुई तो जिलाधिकारी को अग्रिम कार्रवाई के लिए मौजूदा स्थितियाें को उनके पटल पर रखा जाएगा।