फोटो-30- पालिका कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते सफाईकर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
सांडी। आठ सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी गुरुवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। शाम को चेयरमैन प्रतिनिधि अनिल गुप्ता व ईओ विंध्याचल ने कर्मचारियों से बात की और समस्याओं का निस्तारण कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सफाईकर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर दी और काम पर लौट आए।
कर्मचारियों को सातवें वेतन का एरियर दिए जाने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बकाया पेंशन दिए जाने, कर्मियों को सफाई के लिए उपकरण मुहैया कराए जाने, सुंवदा कर्मचारियों को 20 दिन की छुट्टी और ठेका कर्मचारियों का वेतन बैंक खाते में दिए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर बुधवार को पालिका के स्थायी व ठेका सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए थे।
शाम को ईओ व चेयरमैन प्रतिनिधि ने सफाईकर्मियों से वार्ता की, लेकिन बात नहीं बन सकी। जिसके चलते कर्मचारी गुरुवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने पालिका के बाहर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर बाद चेयरमैन प्रतिनिधि अनिल गुप्ता व ईओ विंध्याचल ने पालिका कार्यालय में सफाईकर्मियों से वार्ता की और समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
इसके बाद सफाईकर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। इस मौके पर राम, सरोज कुमार, जागेश्वर, मनोज, पंकज, संतोष कुमार, जवाहर व संजीव आदि सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।