जिला अस्पताल में कार्य बहिष्कार कर खड़े सफाईकर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। टेंडर प्रक्रिया का समय न बढ़ाए जाने से नाराज जिला अस्पताल के आउटसोर्सिंग के सफाई कर्मियों ने 4 घंटे तक कार्य बहिष्कार किया। जिससे अस्पताल की सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई। अस्पताल परिसर से लेकर वार्डों तक में गंदगी फैली रही। सूचना मिलने पर पहुंचे सीएमएस ने अग्रिम आदेश तक टेंडर का समय बढ़ाने अश्वासन दिया। इसके बाद ही सफाई कर्मी काम पर वापस लौटे।
जिला अस्पताल में लखनऊ की एक संस्था के अंतर्गत सफाई कार्य कराया जा रहा है। इसमें एक सुपरवाइजर के अलावा 32 कर्मचारी तैनात है। सभी कर्मचारी दो शिफ्ट में ड्यूटी करते हैं। सुपरवाइजर गोविंद दीक्षित के बताया कि संस्था का 31 दिसंबर तक का टेंडर था। टेंडर की समय सीमा बढ़ाने के लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
शनिवार की सुबह ड्यूटी पर पहुंचे सफाई कर्मियों की जब हाजिरी नहीं लगाने दी गई तो वे नाराज हो गए। उन्होंने सुबह 6 बजे से कार्य बहिष्कार कर दिया। जिससे अस्पताल परिसर से लेकर वार्डों में गंदगी दिखाई देने लगी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे सीएमएस डॉ. जेएन तिवारी ने अग्रिम आदेशों तक टेंडर की समय सीमा बढ़ाने का अश्वासन दिया। जिससे करीब 10 बजे से सफाई कर्मियों ने काम शुरू किया।
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नागरिकों से मांगे सुझाव
गोपामऊ। नगर पंचायत गोपामऊ को स्वच्छ भारत मिशन में उच्चतम स्थान दिलाने के लिए नागरिकों से सुझाव मांगे गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी आकाश बाथम ने बताया कि नगर वासियों से पांच जनवरी तक विभिन्न विषयों पर सुझाव मांगे गए हैं। इसमें स्वच्छता, सफाई, कचरा संग्रहण, सिंगल प्लास्टिक कचरे का निस्तारण, सामाजिक समावेश आदि पर लोग अपने सुझाव नगर पंचायत को निर्धारित प्रारुप में भरकर दे सकते हैं। सभी प्रस्तावों को स्वच्छ भारत मिशन निदेशालय भेजा जाएगा। (संवाद)