थाना क्षेत्र में अवैध बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्राली
बेकाबू होकर कारण पलट गई, जिससे ट्राली पर सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई
और चालक घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद मरने वालों के परिजनों और ग्रामीण
उग्र हो गए और खनन माफिया पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर आ गए।
इस
दौरान खफा ग्रामीणों ने सड़क पर जाम कर पुलिस पर पथराव करते हुए एसओ की
गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे
दो लोग घायल हो गए। करीब पांच घंटे तक हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंचे
एसडीएम व सीओ के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शवों को
पोस्टमार्टम को भेजा गया।
हरियावां क्षेत्र में मंसूर नगर-खेरिया मार्ग
पर ग्राम उचवल तिराहे के पास रविवार की सुबह करीब 7 बजे बालू लदी
ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इससे उस पर सवार मजदूर पिहानी क्षेत्र के ग्राम
कुल्लही निवासी ललित (14) पुत्र मैकू, देवेंद्र (17) पुत्र अजय पाल और
रघुनाथ (40) पुत्र जोधा की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रैक्टर चालक मो.
सईद उर्फ गुड्डू (25) पुत्र शफी उल्ला घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल भेज
दिया गया। घटना की जानकारी पर मजदूरों परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में
मौके पर पहुंचे और बालू माफिया को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग
को लेकर मार्ग जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस
को शवों को नहीं उठाने दिया, जिससे पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद होने
लगा।
विवाद बढ़ने पर पुलिस कमियों ने अफसरों को सूचना दे अन्य थानों से
फोर्स मंगवा लिया, पर ग्रामीण जाम हटाने को तैयार नहीं थे। इस दौरान मृतकों
के परिवार की महिलाओं ने एसओ हरियावां की गाड़ी का शीश तोड़ दिया। इसके
अलावा गाड़ी में लगा वासरलेस भी तोड़ दिया।
भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने
को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे राज बहादुर (45) निवासी कोट और
जगदीश (60) निवासी कुल्लही घायल हो गए। ग्रामीणों को घायल देख भीड़ और उग्र
हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया। लाठी चार्ज से ग्रामीण इनते उग्र हो गए
कि उन्होंने पुलिस कर्मियों को दौड़ा लिया।
इस दौरान पीएसी के पहुंचने पर
भीड़ को नियंत्रित किया गया। एसडीएम शाहाबाद मंशाराम और सीओ शाहाबाद एलडी
भारती मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। करीब पांच घंटे
बाद मामला शांत हुआ और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेजा।
उधर, पुलिस
ने ट्रैक्टर चालक मो. सईद के विरुद्ध एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ
हरियावां राकेश गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा
रही है। उधर, गांव के तीन परिवारों ने एक-एक सदस्य को खोने के बाद मातम
छाया हुआ है। घटना से क्षेत्र में बालू खनन माफिया और पुलिस के प्रति
आक्रोश व्याप्त है।