माधौगंज। उन्नाव-बालामऊ रेलखंड पर मल्लावां और माधौगंज रेलवे स्टेशन के बीच स्थित रुदामऊ रेलवे फाटक पर पटरियों की मरम्मत के लिए रेल फाटक दो दिन तक बंद रहेगा। मरम्मत कार्य के चलते बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सड़क यातायात सोमवार और मंगलवार को पूरी तरह ठप रहेगा।
पटरियों की मरम्मत करने के लिए रेलवे ने दो दिन तक कार्य करना प्रस्तावित किया है। सफीपुर के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (पथ) ने दी गई जानकारी में बताया कि बिल्हौर-कटरा मार्ग पर संख्या 66/बी किलोमीटर 75/5-6 पर मशीन से टैपिंग व ओवरहॉलिंग का कार्य करवाया जाएगा। मरम्मत कार्य 11 मई सोमवार सुबह आठ बजे से शुरू होगा, जो 12 मई मंगलवार शाम छह बजे तक चलेगा।
इस दौरान सुरक्षा कारणों से ट्रैक और फाटक पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात डायवर्जन के तहत मल्लावां की ओर से आने वाले वाहन माधौगंज चौराहे से सोलापुर मार्ग पर गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस सड़क से निकाले जाएंगे। वहीं, भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरने की व्यवस्था की गई है।