हरदोई। श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए हरदोई से दो और लोगों को आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत संघ चालक और उनकी पत्नी को निमंत्रण पत्र सोमवार को संघ के स्वयंसेवकों ने सौंपा। इसके साथ ही जनपद से समारोह में आमंत्रित किए गए लोगों की संख्या नौ हो गई है। इनमें एक पूर्व सांसद और छह संत शामिल हैं।
आरएसएस के प्रांत संघ चालक कृष्ण मोहन और उनकी पत्नी कुसुमलता को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण पत्र उनके घर पर जाकर दिया गया। आरएसएस के जिला कार्यवाह संजीव खरे ने बताया है कि निमंत्रण पत्र देकर भी वह खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। प्रांत संघ चालक कृष्ण मोहन ने निमंत्रण पत्र स्वीकार करते हुए भाव विभोर होकर कहा कि सौभाग्यशाली हैं जो निमंत्रण पत्र मिला। वह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पत्नी सहित साक्षी बनेंगे।
इस दौरान उन्नाव विभाग के संघ चालक शिव स्वरूप, विभाग संपर्क प्रमुख राजेश सिंह चौहान, जिला संपर्क प्रमुख के के अवस्थी, सह जिला प्रचार प्रमुख आकाश श्रीवास्तव आदि माैजूद रहे।