मल्लावां। डी-फार्मा की फीस के 1.45 लाख रुपये वसूलने के बाद भी कॉलेज में जमा न किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में एक शख्स पर रिपोर्ट दर्ज की है।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के रामपुर आसू निवासी करन सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था। इसमें बताया कि मल्लावां नगर के मोहल्ला गोवर्धनपुर निवासी आकाश कुमार के माध्यम से एमजीवी रजत कॉलेज ऑफ फार्मेसी आंबेडकरनगर में डी-फार्मा 2019 बैच के लिए दाखिला लिया था। दावा है कि आकाश ने फीस के रूप में एक लाख 45 हजार रुपये लिए थे।
कोरोना संक्रमण के कारण वह कॉलेज नहीं गया। ऑनलाइन पढ़ाई करने के बाद वह परीक्षा में पास हो गया। कॉलेज में मार्कशीट लेने गया तो पता चला कि उसकी फीस जमा नहीं हुई। इस पर करन ने आकाश से पूछताछ की। आकाश ने फीस जमाकर मार्कशीट दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी न तो मार्कशीट दिलाई और न ही रुपये वापस किए गए। प्रशिक्षु सीओ हरेकृष्ण शर्मा ने बताया कि आकाश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।