हरदोई। किसान दिवस में किसान संगठन प्रतिनिधियों ने गांवों में बिजली कटौती और शाम के समय आपूर्ति न दिए जाने का प्रमुखता से मुददा उठाया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि बिजली कटौती से गांवों में शाम से ही अंधेरा हो जाता है। अब कोटे की दुकान पर मिट्टी का तेल भी नहीं मिलता है, जिससे ग्रामीणों को रोशनी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होती है। किसानों ने उर्वरक की दिक्कत और नीभी रजबहा की सिल्ट सफाई की भी समस्या बताई।
विकास भवन में बुधवार को किसान दिवस डीएम अनुनय झा की अध्यक्षता में हुआ। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शाम के समय दिलाने की बात रखी। कहा कि मनमानी कटौती और रोस्टर से गांवों में शाम होते ही अंधेरा हो जाता है। जिससे लोगों को दिक्कतें भी होती हैं।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि किसानों की समस्याओं को अंकित करें और प्राथमिकता पर समाधान कराएं। कहा कि 63 क्रियाशील समितियों पर 43 सचिव कार्यरत हैं। उन्हीं के माध्यम से उर्वरक का वितरण कराया जा रहा है। कृषि विभाग की तरफ से सहभागी फसल निगरानी के लिए व्हाट्सएप नंबर-9452257111 व 9452247111 जारी किए गए हैं। किसान इन नंबरों पर फसलों में रोग और कीट-पतंगों से बचाव के लिए सलाह प्राप्त कर सकेंगे।
सीडीओ सान्या छाबड़ा, डीडी कृषि एसके पांडेय, सीवीओ डॉ. एके सिंह, डीपीआओ विनय कुमार सिंह, डीएचओ सुभाष चंद्रा, भाकियू से राज बहादुर सिंह, अशोक राठौर, चौधरी यदुवीर सिह, नायब सिंह, प्रगट सिंह, रेखा दीक्षित, शिवशरण गुप्ता, एफपीओ से धर्मेंद्र सिंह, दिलीप सिंह आदि मौजूद रहे।