शाहाबाद। कस्बे के मोहल्ला दिलावरपुर में सोमवार रात भैंस चोरों ने वृद्ध को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कस्बे के मोहल्ला दिलावरपुर निवासी कमरूद्दीन (75) भैंस पालन करता है। सोमवार रात भैंसों की रखवाली के लिए गोड़े में सो रहा था। देर रात करीब एक बजे आहट मिलने पर उसकी आंख खुल गई। उसे गोड़े के पास पिकअप में कुछ लोग भैंस लादते दिखे। इस पर कमरूद्दीन ने बदमाशों को ललकारा। आवाज सुनकर बदमाशों ने उसे गोली मार दी।
दाहिने हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाश एक भैंस लादकर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज से सनसनी फैल गई। परिजन और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पीड़ित ने बताया कि 6 से 7 नकाबपोश बदमाश थे। पीड़ित के पुत्र पप्पू ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।