हरदोई। श्रमिक समाज कल्याण संघ के बैनर तले मंगलवार को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर रोडवेज कर्मचारियों ने 10 सूत्री मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश राना ने कहा कि 14 सितंबर को निगम प्रबंधन को पत्र भेजा गया था। इसमें शामिल एक मांग को प्रबंधन ने स्वीकार कर शेष नौ मांगों पर अब तक सकारात्मक निर्णय नहीं दिया है। ज्ञापन में आउटसोर्स परिचालकों को विभागीय संविदा में लेने, भविष्य में चालक-परिचालकों की भर्ती निगम स्तर से कराने, सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान और जुलाई 2025 के तीन प्रतिशत व जनवरी 2026 के दो प्रतिशत बकाया महंगाई भत्ते का देय भुगतान शामिल है। इसके अलावा संविदा कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी देने, सेवा नियमावली बनाने, उत्कृष्ट सेवा करने वाले कर्मी को नियमित करने की मांग की। इस मौके पर विनोद कुमार, सुरेश आदि मौजूद रहे।