हरदोई। शाहाबाद कस्बे में रोडवेज बस अड्डे के निर्माण कराने के लिए शासन ने दो करोड़ 74 लाख आठ हजार रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके सापेक्ष एक करोड़ रुपये भी अवमुक्त कर दिए हैं। बस अड्डा बन जाने से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी।
शाहाबाद में तहसील मुख्यालय के साथ ही नगर पालिका और ब्लाक मुख्यालय भी है। कस्बा होने के कारण यहां से हर रोज बड़ी संख्या में लोग गैर जनपदों के लिए आवागमन करते हैं। हरदोई और शाहजहांपुर के साथ ही बरेली और फर्रुखाबाद का सफर भी लोग करते हैं। शाहाबाद में बस अड्डा नहीं है। विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहीं और अब सरकार में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने चुनाव के दौरान क्षेत्रीय जनता की मांग पर यहां बस अड्डा का निर्माण कराए जाने का वादा किया था।
इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से बस अड्डा निर्माण कराए जाने की मांग की थी। बस अड्डा का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव तो गत वर्ष सितंबर में ही स्वीकृत हो गया था, लेकिन अब इसके निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करते हुए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। दो करोड़ 74 लाख आठ हजार रुपये का बजट मंजूर किया गया है और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए एक करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। शाहाबाद नगर पालिका क्षेत्र में ही 0.3000 हेक्टेयर क्षेत्रफल का आवंटन रोडवेज बस अड्डे के लिए किया जा चुका है। यहां बसें खड़ी करनें के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। बजट से इमारत और पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
50 बसों का ठहराव, एक हजार यात्रियों का आवागमन
राज्य सड़क परिवहन निगम से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि विभिन्न डिपो की 50 बसें शाहाबाद में रुककर जाती हैं। इन सभी बसों में शाहाबाद से ही स्टेशन के तौर पर टिकट बनने की सुविधा उपलब्ध है। लगभग एक हजार यात्री हर रोज इन बसों से आवागमन करते हैं।
हर वादा कर दिया पूरा
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने बस अड्डा निर्माण के लिए बजट जारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से किया हर वादा पूरा किया है। आगे भी क्षेत्रीय लोगों की जरूरत और मांग के आधार पर विकास कार्याें को प्राथमिकता से कराना ही लक्ष्य है।