हरदोई। पिहानी क्षेत्र की ग्राम पंचायत राभा से लखनऊ तक की बस सेवा शनिवार से शुरू हो गई। इससे क्षेत्र के राभा के साथ-साथ पिहानी क्षेत्र के लोगों को लखनऊ व हरदोई तक की यात्रा करने में आसानी होगी।
गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने स्थानीय बाशिंदों की मांग पर राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजा था। इसमें राभा से रोडवेज बस का संचालन करने के लिए कहा गया था। विधायक के पत्र पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए परिवहन निगम ने शनिवार से राभा से लखनऊ के बीच रोडवेज बस की शुरुआत करा दी। यह बस सुबह पौने आठ बजे राभा से रवाना होगी, जो महेलिया, वाजिदनगर होते हुए पिहानी पहुंचेगी। पिहानी से हरियावां होते हुए हरदोई आएगी। हरदोई से बघौली, कछौना, संडीला होते हुए लखनऊ जाएगी।
प्रतिदिन बस लखनऊ से दोपहर 12.30 बजे चलेगी और रात में बस ग्राम पंचायत राभा में ही रुकेगी। परिचालक सचिन मिश्रा के अनुसार हरदोई तक का किराया 49 रुपये व लखनऊ तक का किराया 211 रुपये लगेगा। बस चलने से राभा क्षेत्र के महेलिया, नेवादा, अकेला, झाबर पुरवा, अब्दुल्लानगर, चांदपुर, गौरिया, दमगड़ा, दत्यौनापुर आदि गांव को राहत मिलेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक/सेवा प्रबंधक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि बस सेवा शुरू हो गई है।