हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में जेल रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस से कुचल कर डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। महिला अपने पुत्र को लेकर जेल में बंद भाई को राखी बांधने आई थी। भाई के राखी बांधकर जेल से निकलते समय हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है।
बेहटा गोकुल थाना के ग्राम कोढ़रा सरैया निवासी मोनू सिंह की पत्नी सुषमा का मायका शाहाबाद कोतवाली के बारीपुर गांव में है। सुषमा का भाई कल्लू जिला कारागार में बंद है। गुरु वार को सुषमा अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र अरुण को लेक र जिला कारागार में बंद भाई कल्लू के राखी बांधने आई थी। राखी बांधकर वह जेल से बाहर निकली। अरुण, सुषमा की उंगली पकड़कर चल रहा था।
रोड के किनारे पहुंचने पर रोडवेज बस को आता देख सुषमा रुक गई, जबकि अरुण उंगली छोड़कर सड़क पर पहुंच गया। जब तक सुषमा कुछ समझती तेज रफ्तार रोडवेज बस ने अरुण को कुचल दिया। अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। घटना के बाद भाग रहे रोडवेज चालक को देहात कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।