नुमाइश चौराहे पर फुटपाथ पर भरा बारिश का पानी। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जरा सी देर की मानसूनी बारिश शहर के हर हिस्से में हुई नाला सफाई की पोल खोलती नजर आ रही है। प्रमुख मार्ग तालाब बन गए हैं। गलियां भी डूबी हैं। नुमाइश चौराहे पर ईओ आवास के सामने ही फुटपाथ तालाब बन गया है। ऐसे में शहर के अन्य मार्गों और गलियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मंगलवार दोपहर हुई कुछ देर की बारिश ने लोगों को गर्मी से तो निजात दिला दी। लेकिन जलभराव ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दीं। शहर के नुमाइश चौराहे के पास नगर पालिका ईओ के सरकारी आवास के सामने ही फुटपाथ पूरी तरह डूब गया। इसके अलावा सुभाष नगर मोहल्ले का भी यही हाल रहा। नुमाइश मैदान लबालब दिखा। सुभाष नगर मोहल्ले में घरों में भी पानी घुस गया। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री रिकार्ड किया गया था। जबकि मंगलवार को 26.2 मिलीमीटर बारिश होने के बाद तापमान करीब तीन डिग्री नीचे आ गया। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। उन्होंने संभावना जताई कि बुधवार व गुरुवार को भी बारिश के आसार हैं।
तो 70 लाख कहां खर्च किए
हरदोई। शहर के जुनैज, श्रवण आदि का कहना है कि इस बार पालिका ने रुलाकर रख दिया। मानसून आने के कुछ दिन पहले ही नाला सफाई कराना कहा तक उचित है। ऐसे में गलियों और सड़कों के साथ घरों में जलभराव तो होना ही था। सवाल ये उठता है कि पालिका ने आखिर 70 लाख रुपये कैसे खर्च किए। सड़कों पर छितरी सिल्ट ने जीना दूभर कर दिया है।
सिल्ट जहां पड़ी, वहां नरक सी स्थिति
हरदोई। वंशीनगर मोहल्ले में सोमवार को नाला साफ हुआ। नाले की दीवारों पर ही सिल्ट डाल दी गई। मंगलवार को हुई बारिश के बाद सिल्ट नाले में ही समा गई। इसके अलावा खंजनपुरवा, आशा नगर सहित कई मोहल्लों में अभी भी सिल्ट पड़ी होने से नरक सी स्थिति है।