देहात कोतवाली क्षेत्र में हरियावां मार्ग पर चीनी
भरा ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को
कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, चचेरे भाई के साथ बीएससी
की परीक्षा देने रही छात्रा की बाइक नील गाय से टकरा गई। इस दुर्घटना में
दोनों गंभीर घायल हो गए।
घायलों को पीएचसी भेजा गया। जहां चिकित्सक ने
छात्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं चचेरे भाई को लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर
रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भर
पोस्टमार्टम को भेजा है। मिली जानकारी के अनुसार, बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र
के बजरिया निवासी भारत का पुत्र लाल बहादुर (45) ट्रक से हरियावां स्थित
चीनी मिल से चीनी के बोरे लाद कर हरदोई आ रहा था।
बताया जाता है कि रास्ते
में हरियावां-हरदोई मार्ग पर पूरा बहादुर के निकट ट्रक अनियंत्रित होकर पलट
गया। इससे ट्रक चालक लाल बहादुर की दबकर मौत हो गई। इस दौरान घटना की
जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के
लिए भेज दिया।
इस बाबत मृतक के चचेरे भाई सुशील ने बताया कि उसके सात
बच्चे हैं। जिनमें चार पुत्री और तीन पुत्र है। उधर, उन्नाव जिले के
थाना बांगरमऊ के मोहल्ला दुबियाना निवासी नेकराम का पुत्र धर्मेंद्र (25)
अपने चाचा विजय प्रताप की पुत्री आरती (20) को बीएससी की परीक्षा दिलाने
डकौली स्थित परीक्षा केेंद्र पर बाइक से जा रहे थे।
बताया जाता है कि
रास्ते में नीलगाय से उसकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई जिसमें दोनों गंभीर
रूप से घायल हो गए। हादसा देख आस पास के लोगोें ने उसे तत्काल पीएचसी
पहुंचाया। जहां चिकित्सा प्रभारी डा. अरविंद कुमार मिश्रा ने आरती को मृत
घोषित कर दिया, वहीं घायल धर्मेंद्र की हालत गंभीर देख उसे लखनऊ रेफर कर
दिया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों का शव देखते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने
अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा।