हरदोई। शहर में रोडवेज बस स्टॉप पर बुधवार की देर शाम बस की मरम्मत करते समय मैकेनिक को दूसरी बस ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झाला पुरवासा निवासी रामआसरे (60) पुत्र रामचरन परिवहन विभाग में मैकेनिक था। वह सीतापुर मार्ग स्थित रोडवेज वर्कशॉप में तैनात था। उसके परिवार में पत्नी रामदुलारी के अलावा दो बेटी व एक बेटा दीपू है। परिजनों के मुताबिक हाल ही में रामआसरे सेवानिवृत हो रहा था। बुधवार की देर शाम सूचना मिलने पर वह रोडवेज बस स्टॉप पर बस ठीक करने आया था। जहां पर वह बस के नीचे बैठकर काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान दूसरी खड़ी बस ने खराब बस में टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में आने से रामआसरे गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस खड़ी कर चंपत हो गया। साथी उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामआसरे के पुत्र दीपू ने बस की टक्कर से पिता की जान चली जाने की बात कही है। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एआरएम आरबी यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।