हरदोई। दिल्ली के मंगोलपुरी में कार्यकर्ता रिंकू शर्मा की हत्या को लेकर बजरंग दल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने रोष जताते हुए सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप हत्या के आरोपियों को फांसी व अन्य हमलावरों को रासुका लगाए जाने की मांग की गई।
सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में बजरंग दल जिला संयोजक अनुराग द्विवेदी अन्नू के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को दिया। ज्ञापन में बताया कि दिल्ली में पिछले कुछ समय से हिंदू युवकों पर लगातार हमले हो रहे हैं और हत्याएं भी हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल राजपूत हों या 10 फरवरी को घर में घुसकर रिंकू शर्मा की निर्मम हत्या हुई हो।
सभी घटनाएं हिंदू समाज के प्रति चल रहे देशव्यापी साजिश को दर्शाती है।
उन्होंने इन घटनाओं को रोकने के लिए फास्ट्रैक कोर्ट बनाने, रिंकू शर्मा के परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी, परिजनों को एक करोड़ का आर्थिक सहयोग देने की मांग की है। उन्होंने दिल्ली में हिंदुओं पर हो रहे लगातार हमलों के लिए दिल्ली पुलिस को जवाबदेह बनाए जाने की भी मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अविरल शुक्ला, हिमांशु गुप्ता, श्रवण शर्मा, राजकुमार सिंह, पीयूष गुप्ता, हर्षवर्धन सिंह आदि मौजूद रहे।
हत्याकांड की सीबीआई जांच कराएं
हरदोई। दिल्ली के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े रिंकू शर्मा की हमलावरों द्वारा धारदार हथियार से धावा बोलकर निर्मम हत्या किए जाने को लेकर राष्ट्रीय परशुराम परिषद ने इसकी जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
परिषद के जिलाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ ने जिलाधिकारी को संबोधित नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर को सौंपा। इस मौके पर प्रवीण मिश्रा, राजू शास्त्री, श्याम जी दीक्षित, रामू शुक्ला, प्रतीक मिश्रा व सुरेश आदि मौजूद रहे।