चालू वित्तीय वर्ष में कुछ ही दिन शेष हैं, इसलिए पूरी कोशिश करके सभी कार्यों को लक्ष्य के अनुरूप वित्तीय वर्ष में पूर्ण कराया जाए और ऐसे निर्माण कार्य जो आगामी अप्रैल से जून माह तक पूर्ण होने हैं, उनमें भी तेजी से गुणवत्ता के साथ कार्य कराया जाए।
ये निर्देश बुधवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिले के नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हेमन्त राव ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने विकास तथा निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि चालू वित्तीय वर्ष 2014-15 के लिए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए।
राजस्व वसूली की समीक्षा में पाया गया कि वाणिज्य कर विभाग की माह फरवरी की लक्ष्य के विपरीत वसूली ठीक हुई है परंतु क्रमिक वसूली में प्रगति बहुत खराब है। इस पर प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली पूर्ण की जाए।
यदि लक्ष्य के अनुरूप वसूली पूर्ण नहीं होगी तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्टांप रजिस्ट्रेशन तथा आबकारी की राजस्व वसूली ठीक पाई गई। परिवहन विभाग की समीक्षा में प्रगति 80 प्रतिशत पाई गई।
कम वसूली के संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि वाहनों का रजिस्ट्रेशन कम होने के कारण प्रगति प्रभावित हुई है। मनोरंजन कर की क्रमिक वसूली लक्ष्य के विपरीत 90 प्रतिशत पाई गई।
आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा में जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश चौरसिया ने बताया कि समाज कल्याण निर्माण निगम द्वारा बनाए जा रहे वर्ष 2012-13 के आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य इसी माह पूर्ण हो जाएगा। जबकि वर्ष 2013-14 के आंगनबाड़ी केंद्र माह अप्रैल में पूर्ण हो जाएंगे।
इंदिरा आवास योजना की समीक्षा में परियोजना निदेशक शंकर लाल त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2014-15 की प्रथम किस्त दिसंबर के अंतिम सप्ताह में लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है। लोहिया आवास योजना में 3701 आवासों का लक्ष्य है।
प्रथम किस्त की धनराशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने स्वच्छ शौचालय निर्माण, पेयजल, नहरों की सिल्ट सफाई, सड़क निर्माण की समीक्षा, स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण, माडल स्कूल, आईटीआई, ट्रामा सेंटर व अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी रमेश मिश्र, अपर जिलाधिकारी विजय कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वीके गुप्ता, जिला विकास अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा, डीसी मनरेगा अनिल सिंह, राकेश श्रीवास्तव, जिला वन अधिकारी रेणु सिंह आदि मौजूद रहे।