हरदोई। शिक्षक व सेवानिवृत्त शिक्षकों के लिए बुधवार का दिन काफी अच्छा रहा। एक तरफ जहां सेवानिवृत्त शिक्षकों की देयकों का भुगतान तैयार कर लिया गया, वहीं नव नियुक्त शिक्षकों का वेतन भुगतान दो शैक्षिक सत्यापनाें पर ही करने पर सहमति बन गई। टीईटी सत्यापन की बाध्यता जिला स्तर से समाप्त कर दी गई। 28 अप्रैल से सेवानिवृत्त शिक्षक चेक प्राप्त कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की अध्यक्ष सुनीता त्यागी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. बृजेश मिश्रा से मिला और उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों के दो ही शैक्षिक सत्यापन कराए जाने की मांग की। इस पर उन्होंने शासन से इस संबंध में अवगत हुए निर्देशों का पालन करने के लिए वित्त एवं लेखाधिकारी से कहा। जिस पर सहमति बनने के बाद दो शैक्षिक सत्यापनाें के बाद ही नवनियुक्त शिक्षकों के वेतन का भुगतान किया जाएगा। टीईटी सत्यापन की बाध्यता जनपद स्तर से समाप्त कर दी गई है।
इसी क्रम में प्रतिनिधि मंडल ने वर्ष 2016 में सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों के देयकों का भुगतान अतिशीघ्र किए जाने का आग्रह किया। इस दौरान वित्त एवं लेखाधिकारी ने बताया कि फंड की चेक तैयार हो चुकी हैं। 28 अप्रैल से सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षक लेखा कार्यालय के लिपिक अनिल कुमार से चेक प्राप्त कर सकते हैं।