मल्लावां-बिलग्राम विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और उनकी मां मल्लावां की ब्लाक प्रमुख समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट बिलग्राम कोतवाली में दर्ज की गई है। पूर्व विधायक की चचेरी बहन की तहरीर पर दर्ज की गई रिपोर्ट में कृषि योग्य भूमि का फर्जी बैनामा करा लेने का आरोप है। चचेरी बहन ने पूर्व विधायक पर पिता की हत्या का आरोप भी लगाया है। पूर्व विधायक इस समय भाजपा में हैं। वह 2012 में बसपा से विधायक रहे हैं।
लखनऊ जनपद के पीजीआई रायबरेली रोड खल्ली पश्चिम के कल्पना स्टेट के 0-84 निवासी रमा वर्मा पत्नी विमलेश जिला पंचायत की पूर्व सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि मेहंदीखेड़ा में पिता रामआसरे रहते थे। कानपुर जनपद के बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत 2/23 बर्रा-7 मिनी एमआईजी निवासी मल्लावां की ब्लाक प्रमुख राजवती देवी पत्नी पुत्तूलाल और मल्लावां के पूर्व विधायक ब्रजेश वर्मा पुत्र पुत्तूलाल के अलावा मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बजहेटा निवासी प्रेमकुमार और उसके पुत्र अरुण कुमार वर्मा ने फर्जी तरीके से पिता रामआसरे की पुरवावां और बीकापुर में स्थित कृषि योग्य भूमि का बैनामा अपने पक्ष में करा लिया।
रमा वर्मा का कहना है कि पिता रामआसरे 23 अक्टूबर 2017 से 26 अक्टूबर 2017 तक लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती रहे। 24 अक्टूबर 2017 को बैनामा कराया गया। यह फर्जी है। उन्होंने बताया कि आरोपी सगे चाचा का पुत्र और पत्नी हैं। दो लोग बैनामे में गवाह थे। रमा वर्मा ने बताया कि पिता रामआसरे की मौत 15 नवंबर 2017 को हो गई थी। तब मौत पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। पूर्व विधायक के रसूख के चलते पोस्टमार्टम नहीं हुआ।
रमा वर्मा ने आरोप लगाया है कि ब्रजेश वर्मा ने अपने करीबी लोगों के साथ मिलकर पिता रामआसरे की हत्या की है। बिलग्राम के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर फर्जी बैनामे को लेकर रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्या का आरोप लगाया गया है। प्राथमिक तौर पर पुष्टि नहीं हो रही है। मामले की जांच चल रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले पर पूर्व विधायक ब्रजेश वर्मा ने बताया कि एफआईआर की बाबत जानकारी नहीं है। जानकारी की जा रही है।