सांडी (हरदोई)। थाने में जिस महिला के अपहरण की रिपोर्ट पति के खिलाफ दर्ज है, वह प्रेमी के साथ शादी कर रह रही थी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पूरे मामले की तह तक जाने की बात कही है।
सांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुत्री की शादी 27 नवंबर 2014 को दिल्ली में सब्जी की ठेली लगाने वाले बदायूं निवासी युवक के साथ की थी। 2019 में संदिग्ध हालात में उसकी पुत्री लापता हो गई। कोई सुराग न मिलने पर विवाहिता के पिता ने नौ जुलाई 2019 कोे दामाद व उसके तीन परिजनों के खिलाफ अपहरण और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना के दौरान महिला के पति को बुलाकर पूछताछ की, तो उसने पत्नी से कोई संपर्क होने से इनकार कर दिया। लेकिन एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग होने और उसी के साथ विवाहिता के जाने की आशंका जताई।
इस पर पुलिस ने जांच शुरू की। 29 सितंबर 2020 को विवाहिता ने पिता को फोन किया तो पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई। पिता से मिलने के लिए आने की जानकारी होने पर एसआई सुरेंद्र सिंह ने युवती को सांडी तिराहे के पास पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक युवती ने बताया है कि वह बरेली जनपद के आवला थाना क्षेत्र के ग्राम बिलौली निवासी प्रेमी के साथ शादी कर दिल्ली में रह रही थी। उसने अपहरण की बात को गलत बताया। उपनिरीक्षक का कहना है कि न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे।