हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सहित व्यवस्थाओं का सीडीओ ने सोमवार को औचक जायजा लिया। विद्यालय में फर्नीचर की गुणवत्ता ठीक न होने और विद्यालय में खाद्यान्न और किताबों आदि का रख-रखाव ठीक न होने पर नाराजगी जाहिर की। फर्नीचर के संबंध में बीएसए से जांच कराते हुए रिपोर्ट मांगी है। प्रधानाध्यापक और सफाई कर्मियों से जवाब-तलब और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने कौढ़ा के कन्या उच्चतर प्राथमिक विद्यालय, संविलियन विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र निरीक्षण किया। बताया कि कन्या उप्रा विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए लिए गए फर्नीचर की गुणवत्ता ठीक नहीं है। इनसीनरेटर क्षतिग्रस्त और बंद मिला। इस पर बीएसए को फर्नीचर की जांच कराते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए हैं। संविलियन विद्यालय में दिव्यांग शौचालयों का रख-रखाव, स्टोर रुम में खाद्यान्न और किताबें बेतरतीब रखी मिली। इंचार्ज प्रधानाध्यापक आलोक कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश बीएसए को दिए गए हैं। विद्यालयों में खाली भूमि पर किचन गार्डेन बनाने के निर्देश शिक्षकों को दिए गए हैं। बच्चों के शैक्षणिक स्तर को परखने के लिए सामान्य श्रेणी के प्रश्न किए गए और बच्चों से वार्ता कर पुस्तकें पढ़वाकर व ब्लैकबोर्ड पर लिखवाकर देखा गया। निपुण के लक्ष्य को निर्धारित समय में प्राप्त करने के निर्देश शिक्षकों को दिए गए। बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष केवल दस बच्चे उपस्थित थे। कार्यकर्ता ने बताया कि अभिभावक बच्चों को लेकर चले जाते हैं। एमडीएम समन्वयक मयंक त्रिपाठी आदि साथ रहे।