कोतवाली क्षेत्र के कालागाढ़ा गांव में रविवार को संदिग्ध हालात में विवाहिता के झुलसने के मामले में पीड़िता के पिता ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शाहजहांपुर के रौजा कस्बा निवासी मुन्नालाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने बेटी शशि देवी (27) की शादी सात साल पहले शाहाबाद के गांव काला गाढ़ा निवासी अजीत पुत्र अमर सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ही आरोपी दहेज में बाइक व सोने की चेन की मांग कर उसकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे।
13 दिसंबर को पति अजीत, ससुर अमर सिंह, सास कटोरी देवी व एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बेटी को कंडे के बठिया में ले जाकर आग लगा दी। जिसमें उसकी बेटी गंभीर रूप से झुलस गई।
उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।