माधौगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसठ में चकरोड के विवाद में हुई सेवानिवृत्त शिक्षक की हत्या के मामले में छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिशें भी तेज कर दी हैं।
कुरसठ के मोहल्ला पंतनगर निवासी गणेश प्रसाद (68) सेवानिवृत्त शिक्षक थे। उनका विवाद पड़ोसी मोहल्ले के रामस्वरूप से चल रहा था। सड़क के दोनों ओर खाली पड़ी पटरी को लेकर विवाद था। इसको लेकर सोमवार शाम गणेश प्रसाद की लाठी-डंडों और हथियारों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना में गणेश प्रसाद का पुत्र अजातशत्रु घायल हो गया था।
मंगलवार को अजातशत्रु की तहरीर पर पुलिस ने संतोष कुमार सिंह, नृसिंह, नरेंद्र कुमार पुत्रगण रामस्वरूप और आलोक कुमार पुत्र संतोष कुमार निवासी अशोकनगर कुरसठ पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके अलावा अजातशत्रु ने कस्बा निवासी योगेंद्र नाथ उर्फ फनकू पुत्र मूलचंद्र व केहरि सिंह पुत्र सुंदरलाल पर हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। इन लोगों के विरुद्ध भी पुलिस ने 120बी (साजिश रचने का) के तहत मामला दर्ज किया है।