संडीला। सीएचसी अधीक्षक ने सोमवार को दो निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोई अधिकृत चिकित्सक न मिलने के कारण दोनों के संचालकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। वहीं एक अस्पताल को सील करा दिया गया है।
सोमवार दोपहर सीएचसी अधीक्षक डॉ. मसूद आलम ने कस्बे में स्टेट बैंक के पास स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिला।
अस्पताल की संचालक रीना सिंह भी मौजूद नहीं मिलीं। अस्पताल में दो अन्य व्यक्ति मौजूद मिले। यहां पांच मरीज भर्ती थे, जिनमें से दो मरीजों का कोविड-19 का इलाज होता मिला। एंटीजन की किट नियम विरुद्ध ढंग से बीएचटी में ही लगी मिली।
मौके पर मिला व्यक्ति अस्पताल के पंजीकरण से संबंधित अभिलेख भी नहीं दिखा सके, पूछतांछ में पता चला कि अस्पताल का पंजीकरण समाप्त हो चुका है, अस्पताल का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा है।
सीएचसी अधीक्षक ने इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित दूसरे अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां भी कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। मौजूद मिले एक व्यक्ति द्वारा अस्पताल के पंजीकरण की अवधि 31 मार्च को समाप्त होने की जानकारी मिली।
जिस पर सीएचसी अधीक्षक ने अस्पताल को सील करा दिया है। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि दोनों जगह मौजूद मिले दोनो व्यक्तियों के नाम के व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
बताया कि अन्य अस्पतालों की भी जल्द ही जांच की जाएगी। वहीं कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।